अंग्रेज़ गुरुद्वारों के महन्तों को प्रोत्साहन देते थे। ये लोग सेवादार के रूप में गुरुद्वारों में प्रविष्ट हुए थे। परन्तु अंग्रेज़ी राज्य में वे यहां के स्थायी अधिकारी बन गए। वे गुरुद्वारों की आय को व्यक्तिगत सम्पत्ति समझने लगे। महन्तों को अंग्रेज़ों का आशीर्वाद प्राप्त था। इसलिए उन्हें विश्वास था कि उनकी गद्दी सुरक्षित है। अतः वे ऐश्वर्यपूर्ण जीवन व्यतीत करने लगे थे। सिक्ख इस बात को सहन नहीं कर सकते थे। इसलिए गुरुद्वारों के सम्बन्ध में सिक्खों तथा अंग्रेज़ों के बीच तनाव बढ़ रहा था।