मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है। वह अकेला अलग नहीं रह सकता। जीवन के कार्यों के लिए उसे दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता है। वह अपनी सभी आवश्यकताओं को स्वयं पूरा नहीं कर सकता। हमें प्रतिदिन कई व्यक्तियों से सहायता लेनी पड़ती है। इसलिए हम समाज के नियमों का उल्लंघन नहीं कर सकते। सामाजिक नियमों का पालन करने के लिए हमारा अनुशासन में रहना बहुत आवश्यक है। हमारे अनुशासन में रहने से ही समाज बना रह सकता है। अनुशासनहीनता जीवन के लिए हानिकारक है।
लोगों को सरकार द्वारा बनाये गए कानूनों का पालन करना पड़ता है। यह तभी सम्भव हो सकता है जब सभी मनुष्य अनुशासन में रहें। समाज और देश को बाह्य आक्रमणों का सामना करने और आन्तरिक गड़बड़ी को रोकने के योग्य बनाने के लिए नागरिकों का अनुशासित होना बहुत ज़रूरी है। कोई भी देश तभी उन्नति कर सकता है यदि उसके नागरिक अनुशासित हों। देश की उन्नति के लिए समस्त समाज का अनुशासित होना आवश्यक है। अनुशासनहीनता समाज व देश के हित में ठीक नहीं है। हमें देश के हितों के विरुद्ध कभी भी कोई काम नहीं करना चाहिए। इसलिए हम कह सकते हैं कि समाज और देश को अनुशासन की अत्यधिक आवश्यकता है।