भर्ती का अर्थ- सम्भावित कर्मचारियों को ढूंढ़ने की प्रक्रिया तथा उन्हें संगठन में पदों के लिए आवेदन देने के लिए प्रेरित करने की क्रिया को भर्ती कहते हैं। अन्य शब्दों में, भर्ती रोजगार के लिए सक्षम व्यक्तियों को तलाशने एवं आकर्षित करने की प्रक्रिया है। यह प्रक्रिया भर्ती के लिए नये व्यक्तियों की खोज से शुरू होती है एवं उनके द्वारा प्रार्थना-पत्र देने के साथ समाप्त होती है।
भर्ती तथा चयन में अन्तर-
- भर्ती एक सकारात्मक प्रक्रिया है, जबकि चयन एक नकारात्मक प्रक्रिया है।
- भर्ती के अन्तर्गत कर्मचारियों की आवश्यकता का निर्धारण, आवेदन-पत्र प्राप्त करना, साक्षात्कार के लिए बुलाना तथा चयन करना सम्मिलित हैं, जबकि चयन के अन्तर्गत प्रार्थना-पत्र को छाँटना तथा उन्हें अपनी आवश्यकतानुसार छाँटना सम्मिलित है।
- कर्मचारियों की नियुक्ति से पहले कर्मचारियों की भर्ती की जाती है, जबकि कर्मचारियों के चयन का कार्य कर्मचारियों की भर्ती के बाद किया जाता है।
- कर्मचारियों की भर्ती में भविष्य के लिए कर्मचारियों की खोज की जाती है तथा उन्हें रिक्त पदों के लिए आवेदन करने के लिए अभिप्रेरित किया जाता है, जबकि चयन में नौकरी के उम्मीदवारों को दो वर्गों में विभाजित किया जाता है, एक वे जिन्हें नौकरी दी जाती है दूसरे वे जिन्हें नौकरी नहीं दी जाती है।