व्यावसायिक संगठन के विकास में भूमिका – आधुनिक व्यवसाय व्यवस्था में विपणन की भूमिका व्यवसाय के उद्देश्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण स्थान रखती है। इस अवधारणा का मानना है कि ग्राहक बाजार का राजा होता है। अतः व्यवसाय की समग्र कार्यविधियाँ ग्राहकोन्मुखी होनी चाहिए। ग्राहक सन्तुष्टि सभी व्यवसायों के लिए महत्वपूर्ण होती है क्योंकि इससे व्यावसायिक संगठन प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है।
अर्थव्यवस्था के विकास में भूमिका – अर्थव्यवस्था के विकास में भी विपणन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अर्थव्यवस्था के विकास में विपणन द्वारा उत्पादक बेहतर प्रमापों की वस्तुएँ एवं सेवाएँ देने में सक्षम होता है। किसी देश की अर्थव्यवस्था उस देश के लोगों के जीवन-स्तर तथा प्रतिव्यक्ति आय पर निर्भर होती है। विपणन द्वारा उत्पादक अपने उत्पादन में तथा विक्रय में वृद्धि कर सकता है जिसके परिणामस्वरूप घरेलू उत्पाद तथा व्यक्तियों की आय में वृद्धि परिलक्षित होती है और देश की अर्थव्यवस्था विकसित होती है।