राजनीतिक संस्कृति व लोकतन्त्र का गहन सम्बन्ध है। जनता के मूल्य, विश्वास एवं कुशलता का लोकतान्त्रिक शासन व्यवस्था की राजनीति पर विशेष प्रभाव पड़ता है। समाज में संस्कृति ही व्यवहार, मूल्य और ज्ञान को पीढ़ी दर पीढ़ी हस्तान्तरित करती है। राजनीतिक विचारकों ने अपने-अपने देश की व्यवस्थाओं के स्थायित्व व अस्थायित्व का अध्ययन राजनीतिक संस्कृति उपागम द्वारा किया। निष्कर्ष प्राप्त हुआ कि राजनीतिक संस्कृति व लोकतन्त्र में गहरा सम्बन्ध है क्योंकि विषम परिस्थितियों के बावजूद उदार लोकतन्त्र वाले इंग्लैण्ड व संयुक्त राज्य अमेरिका में लोकतन्त्र व संस्थाएँ सुरक्षित रहीं।