राजनीतिक संस्कृति एवं लोकतन्त्र के सम्बन्ध में सबसे महत्वपूर्ण कार्य आमण्ड और सिडनी बर्बा ने किया है। इन्होंने ब्रिटेन, जर्मनी, इटली, संयुक्त राज्य अमेरिका और मैक्सिको के लोकतन्त्र की स्थिरता एवं अस्थिरता पर राजनीतिक संस्कृति के प्रभावों का अध्ययन किया। आमण्ड एवं बर्बा के अनुसार -“राजनीतिक संस्कृति से तात्पर्य है राजनीतिक दलों, न्यायालयों, संविधान और राज्य के इतिहास जैसे विषयों के प्रति अभिविन्यासों का प्रतिमान अर्थात् समाज का कोई भी सदस्य इन संस्थाओं के सन्दर्भ में या अपने राजनीतिक पर्यावरण के सन्दर्भ में अपने आपको कहाँ रखता हैं।
अन्य शब्दों में एक व्यक्ति अपने देश की सरकार से क्या अपेक्षाएँ रखता है और उनके संचालन में अपनी क्या भूमिका समझता है। क्या वह सरकार के सामने अपने आपको विवश महसूस करता है अथवा अपनी आवाज वहाँ तक पहुँचाने और न्याय प्राप्त करने की आशा रखता है। क्या वह यह समझता है कि वह शासन के निर्णयों को प्रभावित कर सकता है? संक्षेप में व्यक्ति का झुकाव राजनीतिक कार्यवाही के प्रति किस तरह का है और वह राजनीतिक संस्कृति द्वारा कैसे प्रभावित होता है? ये समस्त बातें उपर्युक्त विद्वानों के अध्ययन में समाहित थीं।