जल जीवन का सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण कारक है। व्यक्ति उन क्षेत्रों में बसने को प्राथमिकता देते हैं जहाँ जल आसानी से उपलब्ध होता है। जल एक बहु-उपयोगी तत्त्व है। जल का उपयोग पीने, नहाने एवं भोजन के साथ-साथ पशुओं, फसलों, उद्योगों एवं नौ-संचालन में किया जाता है। यही कारण है कि नदी घाटियाँ जल की उपलब्धता के कारण विश्व के सबसे अधिक सघन बसे हुए क्षेत्र हैं। विश्व की प्राचीन सभ्यताओं-नील घाटी सभ्यता, सिन्धु घाटी सभ्यता व मेसोपोटामिया की सभ्यता का विकास भी नदियों के किनारे ही हुआ था।