महाप्राण कवि सूर्यकांत त्रिपाठी निराला का जन्म सन् 1899 में बंगाल राज्य के मेदिनीपुर ग्राम में हुआ था। जब ये तीन वर्ष के थे इनकी माता का देहान्त हो चुका था। इन्होंने स्कूली शिक्षा अधिक प्राप्त नहीं की लेकिन स्वाध्याय से अनेक भाषाओं का ज्ञान प्राप्त किया। कविता को नया स्वर देने वाले निराला छायावाद के ऐसे कवि हैं जो एक ओर कबीर परम्परा से जुड़ते हैं तथा दूसरी ओर समकालीन कवियों के प्रेरणा-स्रोत भी हैं।
इनके द्वारा लिखे गए अनामिका, परिमल, गीतिका, बेला, नए पत्ते, अणिमा तुलसीदास, कुकुरमुत्ता (काव्य-संग्रह); चतुरी चमार, प्रभावती बिल्लेसुर बकरिहा, काले कारनामे (गद्य) आदि। समन्वय, मतवाला पत्रिका का सम्पादन भी इन्होंने किया। विषयों और भावों की तरह भाषा की दृष्टि से भी निराला की कविता के कई रंग हैं। मुक्त छंद की रचना करने वाले कवि काव्य विषय और युग की सीमाओं का भी अतिक्रमण करते हैं। साहित्य सेवा करते हुए सन् 1961 में इलाहाबाद में इनका देहान्त हुआ।