इतिहास तथ्यों पर आधारित होता है। इसलिए इतिहास की रचना के लिए इतिहासकारों को अलग-अलग स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है। आधुनिक भारतीय इतिहास की जानकारी प्राप्त करने के भी अनेक स्रोत हैं। इनमें से मुख्य स्रोतों का वर्णन इस प्रकार है –
1. पुस्तकें- आधुनिक काल में छापेखाने के आविष्कार के कारण भारतीय तथा अंग्रेज़ी भाषा में अनेक पुस्तकें छापी गईं। इन पुस्तकों से हमें मनुष्य द्वारा साहित्य, कला, इतिहास, विज्ञान तथा संगीत आदि क्षेत्रों में की गई उन्नति का पता चलता है। इन पुस्तकों से हम और अधिक उन्नति करने की प्रेरणा ले सकते हैं।
2. सरकारी दस्तावेज़- सरकारी दस्तावेज़ आधुनिक काल के इतिहास के महत्त्वपूर्ण स्रोत हैं। इनके अध्ययन से हमें भारत में विदेशी शक्तियों की गतिविधियों, अंग्रेजों द्वारा भारत-विजय तथा भारत में अंग्रेज़ी प्रशासन की जानकारी मिलती है। हमें यह भी पता चलता है कि अंग्रेजों ने किस प्रकार भारत का आर्थिक शोषण किया।
3. समाचार-पत्र तथा पत्रिकाएं- आधुनिक काल में भारत में भिन्न-भिन्न भाषाओं में बहुत से समाचार-पत्र, उपन्यास तथा पत्रिकाएं छापी गईं। इनमें से द ट्रिब्यून, द टाइम्ज़ ऑफ़ इण्डिया आदि समाचार-पत्र आज भी छपते हैं। ये समाचार-पत्र तथा पत्रिकाएं हमें आधुनिक काल की कई महत्त्वपूर्ण घटनाओं की जानकारी देती हैं।
4. ऐतिहासिक भवन- आधुनिक काल में बने ऐतिहासिक भवन इतिहास के जीते-जागते उदाहरण हैं। इन इमारतों (भवनों) में इण्डिया गेट, संसद् भवन, राष्ट्रपति भवन, बिरला हाऊस तथा कई अन्य इमारतें शामिल हैं। ये भवन हमें भारत की भवन निर्माण कला के भिन्न-भिन्न पक्षों की जानकारी देते हैं।
5. चित्रकारी तथा मूर्तिकला- बहुत से चित्र तथा मूर्तियां भी आधुनिक इतिहास के महत्त्वपूर्ण स्रोत हैं। ये स्रोत हमें राष्ट्रीय नेताओं तथा महत्त्वपूर्ण ऐतिहासिक व्यक्तियों की सफलताओं की जानकारी देते हैं।
6. विविध स्रोत- ऊपर दिए गए स्रोतों के अतिरिक्त आधुनिक भारतीय इतिहास के अन्य भी कई महत्त्वपूर्ण स्रोत हैं। इनमें सबसे महत्त्वपूर्ण फिल्में हैं जो समकालीन व्यक्तियों तथा उनकी जीवन शैली पर प्रकाश डालती हैं। इसके अतिरिक्त गांधी जी तथा पं० नेहरू आदि के पत्रों से हमें उनके व्यक्तित्व तथा उनकी सोच के बारे में पता चलता है।