मार्च, 1946 ई० में अंग्रेज़ी सरकार ने तीन सदस्यों वाला केबिनेट मिशन भारत में भेजा। इसका प्रधान लॉर्ड पैथिक लारेंस था। इस मिशन ने भारत को दी जाने वाली राजनीतिक शक्ति के बारे में भारतीय नेताओं के साथ विचारविमर्श किया। इसने भारत का संविधान तैयार करने के लिए एक संविधान सभा स्थापित करने तथा देश में अन्तरिम सरकार की स्थापना करने का सुझाव दिया। सुझाव के अनुसार सितम्बर, 1946 ई० में कांग्रेस के नेताओं ने जवाहर लाल नेहरू की अध्यक्षता में अन्तरिम सरकार की स्थापना की। 15 अक्तूबर, 1946 ई० को मुस्लिम लीग भी अन्तरिम सरकार में सम्मिलित हो गई।