NCERT Solutions Class 7, Hindi, Durva, पाठ- 15, गीत
लेखक - केदारनाथ अग्रवाल
कविता से
क. कवि फूलों, गीतों और विद्या की खेती क्यों करना चाहता है?
उत्तर
कविता में कवि फूलों, गीतों और विद्या की खेती करने की बात करता है। कवि के अनुसार फूल प्रेम का प्रतीक है। फूलों की खेती से उसका तात्पर्य प्रेम का प्रसार करना है। इससे लोगों में सद्भावना और भाईचारे का विकास होगा। गीतों की खेती से कवि का तात्पर्य है कि वह इनके माध्यम से जन-जन को जागृत करेगा। उसके इस प्रयास में पूरा अपना भारत सहयोग देगा। विद्या की खेती से उसका तात्पर्य विद्या का प्रचार-प्रसार करना है। इस तरह वह भारत के गाँव-गाँव, गली-गली में शिक्षा को बढ़ावा देगा और उपेक्षित लोगों के जीवन को नया भविष्य देगा।
ख. इसी जन्म में, इस जीवन में
हमको तुमको मान मिलेगा।
इसमें किसे मान मिलने की बात कही गई है?
उत्तर
इसमें कवि ने गरीब और उपेक्षित वर्ग को मान मिलने की बात कही है। अशिक्षा के कारण वे समाज द्वारा दया, घृणा और उपेक्षा का व्यवहार झेलते हैं। शिक्षा उनके जीवन में नया आरंभ करेगी। उसके बाद उनके जीवन में दया, घृणा और उपेक्षा का स्थान नहीं होगा।
ग. कविता की कुछ पंक्तियाँ छाँटकर लिखो जिनसे पता लगता है कि कवि को इस बात पर पूरा भरोसा है कि एक दिन सबको मान मिलेगा।
उत्तर
इसी जन्म में,
इस जीवन में
हमको तुमको मान मिलेगा।
घ. कविता में कवि बार-बार मान मिलने की बात करता है। मान मिलने से हमारे तुम्हारे जीवन में क्या बदलाव आएगा?
उत्तर
मान मिलने पर समाज द्वारा स्वीकार कर लिया जाएगा। लोग दया की दृष्टि से नहीं देखेंगे। लोगों में उनके प्रति घृणा का भाव नहीं होगा। वे उपेक्षित नहीं कहे जाएँगे। उनका विकास होगा। ये बदलाव उनके जीवन को बदलकर रख देगें।
2. समझाना
नीचे कविता में से कुछ पंक्तियाँ दी गई हैं। बताओ इन पंक्तियों का क्या अर्थ हो सकता है?
क. दीप बुझे हैं जिन आँखों के,
उन आँखों को ज्ञान मिलेगा।
उत्तर
भारत में बहुत बड़ी जनसंख्या अशिक्षित है। अशिक्षा के कारण भुखमरी तथा गरीबी चारों और व्याप्त है। कवि इसी ओर संकेत करते हुए कहता है कि समाज में जो लोग अशिक्षित हैं उन्हें शीघ्र ही शिक्षा का अधिकार प्राप्त होगा। अशिक्षित लोग सदैव समाज द्वारा उपेक्षा का शिकार होते हैं। शिक्षा प्राप्त करके वे शिक्षित हो जाएँगे और उन्हें भी समाज में आदर-सम्मान से देखा जाएगा।
ख. क्लेश जहाँ है, फूल खिलेगा।
उत्तर
लोग अशिक्षा के कारण दूसरे के हाथों की कठपुतली बन जाते हैं। कुछ स्वार्थी लोग धर्म के नाम पर उन्हें आपस में लड़वा देते हैं। शिक्षा उनके विचारों में परिवर्तन लाएगी और तब धार्मिक और जातिए झगड़े समाप्त हो जाएँगे। वहाँ अमन और प्रेम के फूल खिल जाएँगे।
ग. हम तुमको प्रान मिलेगा।
उत्तर
हमें और तुम्हें शिक्षा के माध्यम से नया जीवनदान मिलेगा अर्थात् अभी तक हम और तुम गरीबी का जीवन जी रहे थे। इसके बाद हमें भी उपेक्षित समाज में सम्मान और अधिकार मिलेगा। ये सब बातें नवजीवन से कम नहीं होगी।
3. मान-सम्मान
क. तुम्हें अपने आस-पास यदि लगे कि किसी को सचमुच में आज भी मान-सम्मान नहीं मिला है और उसको तुम मान सम्मान दिलाना चाहते हो तो उनके नामों की सूची बनाओ।
उत्तर
- कचरा चुनने वाले को
- नौकर
- फुटपाथ पर सामान बेचने वाले को
ख. अपनी सूची में से किसी एक के बारे में बताओ कि उसे मान-सम्म्मान कैसे मिल सकता है?
उत्तर
कचरा चुनने वालों में ज्यादातर बच्चे होते हैं जिनकी उम्र पढ़ने की होती है परन्तु उन्हें अपने पेट चलाने के लिए ये काम करना पड़ता है। अगर वे पढ़ना-लिखना सिख जाएँगे तो वे अपना भविष्य सँवार पाएँगे और उन्हें समाज में उचित सम्मान मिल पाएगा।
4. रिक्त स्थान पूरा करो।
नमूना --> वह मोर सा नाचता है।
क. लक्की ............... की तरह गरजता है।
ख. सलमा ............ की तरह दौड़ती है।
ग. मेघाश्री की आवाज़ ............ की तरह मीठी है।
घ. मनीष के कान .............. की तरह तेज हैं।
उत्तर
क. लक्की शेर की तरह गरजता है।
ख. सलमा चीते की तरह दौड़ती है।
ग. मेघाश्री की आवाज़ कोयल की तरह मीठी है।
घ. मनीष के कान कुत्ते की तरह तेज हैं।
5. इन शब्दों की रचना देखो-
अनुमान, अपमान
ये शब्द 'मान' शब्द में 'अनु' और 'अप' उपसर्ग लगाकर बनाए हुए हैं। इसी प्रकार तुम भी 'मान' शब्द में कुछ दूसरे उपसर्ग लगाकर नए शब्द बनाओ।
उत्तर
अव + मान = अवमान
वि + मान = विमान
सम् + मान = सम्मान
अभि + मान = अभिमान